अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद के सरखेज इलाके में एक मामूली बहस ने खौफ़नाक रूप ले लिया। पान पार्लर के बाहर सिगरेट पी रहे एक व्यक्ति से युवक ने सिगरेट मांगी और मना करने पर झड़प हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि सिगरेट मांगने वाले ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उसकी जान चली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
वारदात रविवार शाम करीब 7 बजे सरखेज के फ़तेवाड़ी क्षेत्र में हुई। रिक्शा चलाने वाला 36 वर्षीय जावेद वहीं खड़ा सिगरेट पी रहा था। तभी उसे जानने वाला 30 वर्षीय साजिद आया और सिगरेट देने की मांग की। जावेद के इनकार करने पर साजिद ने ज़बरदस्ती सिगरेट छीन ली। इसी बात पर दोनों में धक्का-मुक्की हो गई।
हाथापाई के बीच साजिद ने जेब से चाकू निकालकर जावेद पर वार कर दिया। जांघ की नस कटने से जावेद बुरी तरह घायल हुआ और काफी खून बहने लगा। घायल हालत में उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई और अपने बहनोई को भी फोन किया। बहनोई उसे रिक्शे पर अस्पताल ले गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जावेद ने मरने से पहले हमलावर का नाम बताते हुए साजिद पर आरोप लगाया। साजिद हमला करने के बाद मौके से भाग गया। सरखेज पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और हत्या प्रयास जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा।